कोटद्वार-पौड़ी

अतिक्रमण, पॉलीथिन का प्रयोग करने और गंदगी फैलाने पर 13 के चालान काटे

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नगर निगम ने चलाया अभियान, व्यापारियों में मचा हड़कंप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर आयुक्त किशर्न ंसह नेगी के नेतृत्व में निगम की टीम ने शहर में अभियान चलाकर गोखले मार्ग पर अतिक्रमण, पॉलीथिन का उपयोग करने और गंदगी फैलाने पर 13 लोगों के चालान काटे। अचानक चले अभियान से लोगों में हड़कंप मच गया। निगम की टीम को देखकर फड़ वाले गलियों में भागने लगे।
गुरूवार को नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी के नेतृत्व में निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए गोखले मार्ग पर पहुंची। इस दौरान टीम ने नाली के बाहर अतिक्रमण, पॉलीथिन का उपयोग और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की। नगर आयुक्त ने कहा कि गोखले मार्ग पर कई लोगों ने नाली के बाहर सब्जी व फल की रेहड़ी और फड़ लगाई गई है, उन लोगों के चालान किये गये है। अभियान के दौरान करीब 13 लोगों के चालान कर करीब 11 हजार रूपये का राजस्व वसूला गया है। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि पॉलीथिन में सामान न बेचे। नगर आयुक्त ने कहा कि व्यापारियों को हिदायत दी गई है कि नाली के बाहर सामान न लगाये। अतिक्रमण करने, पॉलीथिन का प्रयोग करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीम के द्वारा जो व्यापारी सड़क पर रखकर अपना सामान बेच रहे हैं उनका चालान काटा जा रहा है। ऐसे व्यापारियों के खिलाफ नगर निगम की ओर से लगातार अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार, मोहम्मद कामिल, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, जसवीर, वर्क एजेंट असलम सहित नगर निगम के कर्मचारी मौजूद थे।
ज्ञातव्य हो कि पूर्व में नगर निगम की ओर से गोखले मार्ग के दोनों ओर नाली के बाहर सफेद पट्टी बनाई गई थी। सफेद पट्टी के बाहर फड़ व ठेली लगाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की बात कहीं गई थी। कुछ दिन तो नगर निगम की टीम ने गोखले मार्ग पर अभियान चलाया तो व्यवस्था बेहतर हो गई थी, लेकिन करीब तीन माह पूर्व से नगर निगम की ओर से गोखले मार्ग पर अभियान नहीं चलाया गया। नतीजा गोखले मार्ग के दोनों ओर सफेद पट्टी के बाहर फल-सब्जी की फड और ठेलिया सजी रहती है। जिस कारण इस मार्ग पर वाहन चलना तो दूर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। एक बार फिर से नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। निगम की पहल से एक बार फिर से गोखले मार्ग के अतिक्रमण मुक्त होने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!