कोटद्वार-पौड़ी

कांग्रेस ने फूंका सरकार का पुतला, सौतेले व्यवहार का लगाया आरोप

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार विकास अवस्थी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर नगर निगम कोटद्वार को कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रेचिंग ग्राउण्ड, निगम के प्रस्तावों के अनुरूप पदों का सृजन कर अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्ति करने, अन्य नगर निगम की भांति कोटद्वार नगर निगम को बजट आवंटित करने के लिए प्रदेश सरकार को निर्देशित करने की मांग की है।
गुरूवार को कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल के नेतृत्व में कार्यालय से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए झण्डाचौक, बदरीनाथ मार्ग होते हुए तहसील तिराहे पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने राज्य सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार कोटद्वार नगर निगम के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कोटद्वार में कूड़ा निस्तारण की समस्या बढ़ती जा रही है। खोह नदी के किनारे जहां पूर्व में नगर पालिका के 11 वार्डों का कूड़ा डाला जाता था वहीं नगर निगम के 40 वार्डों का कूड़ा भी डाला जा रहा है। कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने से कोटद्वार में कूड़े की गंभीर समस्या हो गई है। जनहित में जल्द से जल्द कूड़ा निस्तारण के लिए टे्रचिंग ग्राउण्ड की व्यवस्था होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर निगम में नए पद सृजन एवं नियुक्तियों का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक नियुक्तियां नहीं हो पाई है। वर्तमान सरकार मौन धारण कर जन समस्याओं को बढ़ावा देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार नगर निगम में कांग्रेस पार्टी का मेयर होने के कारण निगम को सबसे कम बजट दिया जा रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा़ॅ चन्द्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गीता नेगी, बलवीर सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष साबर सिंह नेगी, केएस चौहान, सुरमान सिंह, भारत सिंह नेगी, सतेंद्र सिंह, प्रकाश लखेडा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित राज सिंह, यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, राजेंद्र गुसांई, सुरेंद्र प्रसाद सेमवाल, पंचम सिंह गुसांई, चंद्रमोहन ंिसंह रावत, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!