अवैध खनन में तलवार कंस्ट्रक्शन कंपनी पर दो लाख रुपये का जुर्माना

Spread the love

चम्पावत। चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन का भंडाफोड़ करते खनन अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग में काम रहे तलवार कंस्ट्रक्शन कंपनी पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एक सप्ताह पूर्व हुई कार्यवाही में कंपनी द्वारा अवैध तरीके से मशीन के जरिए अवैध खनन किया जा रहा था। इस पर खनन अधिकारी ने मशीन को सीज कर दिया था। कंपनी ने बुधवार को जुर्माने की राशि को जमा किया है। चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन कर खनन माफियाओं ने नदी का सीना छलनी कर दिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा ने एक सप्ताह पूर्व चल्थी क्षेत्र के ग्राम द्यूरी का औचक निरीक्षण किया। जहां नदी क्षेत्र में तलवार कंस्ट्रक्शन कंपनी की जेसीबी मशीन से अवैध रूप से आरबीएम भरते तीन ट्रक मिले थे। जिन्हें खनन अधिकारी ने मौके पर ही सीज कर दिया। सभी ट्रकों पर उन्होंने जुर्माना लगाने के साथ कंस्ट्रक्शन कंपनी की जेसीबी पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। खनन अधिकारी लेघा ने बताया कि वाहनों पर लगाया जुर्माना वाहन स्वामियों ने भर दिया। कंपनी की मशीन पर लगाया गया दो लाख का जुर्माना भी आज कंपनी ने भर दिया है। जिसके बाद मशीन को रिलीज कर दिया गया है। कंपनी को चेतावनी दी कि अगर आगे अवैध खनन करती मशीन या वाहन मिली तो अधिक जुर्माना लगाया जाएगा। तलवार कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा चम्पावत, लोहाघाट व पिथौरागढ़ शहर में सड़क की एक बार मरम्मत करने का कार्य किया जा रहा है। सूत्रों का यह भी कहना है कि कंपनी द्वारा बेलखेत में लगाए गए मोबाइल क्रशर से अवैध तरीके से खनिज की बिक्री की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *