नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति के अध्यक्ष बनें प्रकाश चंद्र कोठारी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति की बैठक में समाजसेवी प्रकाश चंद्र कोठारी अध्यक्ष एवं चंद्र प्रकाश नैथानी महासचिव चुने गए। समिति नवसंवत्सर के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर आगामी 18 मार्च को नगर में भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन करेगी।
नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति की शुक्रवार को संपन्न हुई बैठक में समिति का पुनर्गठन कर समाज सेवी प्रकाश चंद्र कोठारी अध्यक्ष, रवींद्र नेगी, सुनीता कोटनाला व रीमा चौहान उपाध्यक्ष, चंद्रप्रकाश नैथानी महासचिव, पंकज ध्यानी सचिव, महानंद ध्यानी कोषाध्यक्ष व अंजू पुंडीर शोभा यात्रा प्रमुख चुनी गईं। बैठक में भारतीय नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर गहन विचार- विमर्श हुआ। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समिति पिछले 25 वर्षों से कोटद्वार नगर में नवसंवत्सर के अवसर पर भव्य नागरिक समारोह का आयोजन करती आई है। जिसकी प्रेरणा से अब राज्य तथा देश में कई स्थानों पर नव वर्ष उत्सव आयोजित हो रहे हैं। इस रचनात्मक पहल से अब नई पीढ़ी नवसंवत्सर का महत्व समझने लगी है। वक्ताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष आगामी 19 मार्च से भारतीय नव वर्ष, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत् 2083 (रौद्र) प्रारंभ हो रहा है। यह समस्त देशवासियों के लिए उल्लास का अवसर है, क्योंकि इसी दिन ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना की गई। इस अवसर पर प्रकाश चंद्र कोठारी, चंद्रप्रकाश नैथानी, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा, डॉ. पदमेश बुडाकोटी, महानंद ध्यानी, गजेंद्र सिंह चौहान, रविंद्र नेगी, अमित सजवाण, सुनीता कोटनाला, रीमा चौहान, अंजू पुंडीर, पंकज ध्यानी, कृष्ण सिंह नेगी, राकेश कंडवाल, गोपाल दत्त जखमोला, संजय रावत आदि उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता प्रकाश चंद्र कोठारी ने एवं संचालन महासचिव चंद्रप्रकाश नैथानी ने किया।
18 मार्च को होगें रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
बैठक में तय किया गया कि भारतीय नव वर्ष के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर आगामी 18 मार्च को कोटद्वार नगर में भारतीय संस्कृति पर केंद्रित भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें महिला संकीर्तन मंडलियों के साथ ही नागरिक संगठनों एवं छात्र-छात्राओं की भागीदारी भी होगी। सांय 5 बजे राजकीय प्रेक्षागृह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 19 मार्च को योगाभ्यास एवं हवन कार्यक्रम के साथ नव वर्ष का स्वागत किया जाएगा। बताया गया कि समिति नव वर्ष उत्सव की व्यापक तैयारी हेतु आगामी 10 मार्च को सांय 4 बजे कोटद्वार के संभ्रांत नागरिक एवं जन संगठनों की एक वृहत् बैठक आयोजित करेगी।