बांका,बिहार के बांका में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक तरफ जहां एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ है, वहीं दूसरी तरफ शौच के लिए गए युवक की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई. पहली घटना जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र की है, जबकि दूसरी घटना बेलहर थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने दोनों मामलों में तफ्तीश शुरू कर दी है.
जिले के बेलहर प्रखंड अंतर्गत जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के डुमरहार गांव के पूर्व स्थित जोर (छोटी नदी) से पुलिस ने एक महिला का कटा हुआ सिर और कुछ दूरी पर एक बोरे में बंद खून से लथपथ कपड़े बरामद किए है. महिला का धड़ बरामद नहीं हो सका है, उसकी तलाश जारी है.
मृतक महिला के पिता
रविवार सुबह ही मैंने बेटी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद जिलेबियामोड़ थाना में आवेदन देकर ससुराल वालों पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था. शाम में सूचना मिली कि डुमरहार गांव के पास जोर किनारे एक महिला का सिर बरामद हुआ है. मौके पर पहुंचने पर देखा कि मेरी बेटी का ही कटा हुआ सिर है.
पुलिस ने मामले में मृतका के पति विकास पंडित, सास विमला देवी और एक नाबालिग ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
उधर, बेलहर थाना क्षेत्र के तरैया गांव में रविवार की शाम शौच के लिए गए एक युवक की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान अजीत कुमार यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार अजीत कुमार यादव घर से कुछ दूरी पर स्थित स्कूल के पास शौच के लिए गए थे. इसी दौरान स्कूल के पीछे झोपड़ी में रहने वाले गांव के विकास यादव ने उन पर तलवार से हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने सीधे गले पर वार किया, जिससे अजीत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
मृतक के पिता ने कहा विकास यादव अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह पहले भी हथियार के साथ गिरफ्तार हो चुका है और कई बार जेल जा चुका है. उसी ने मेरे बेटे की जान ली है.
वहीं, चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर ले गए. वहां डॉ. जिम्मी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक के अनुसार गले पर गहरे वार और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई. सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए.
प्रथम दृष्टया तलवार से वार कर हत्या की पुष्टि हुई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. एक दिन पहले ही पत्नी और बच्चों को ससुराल छोड़कर लौटे थे.