पंजाब सरकार पर सवाल उठा रहे आप विधायक पठानमाजरा गिरफ्तार

Spread the love

-गोलीबारी कर पुलिस हिरासत से फरार
चंडीगढ़,। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को मंगलवार को रेप के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सनौर से विधायक पठानमाजरा को हरियाणा के करनाल में गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पटियाला पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। हालांकि, स्थानीय थाने लाते समय गोलीबारी कर वह फरार हो गए। उनके खिलाफ सोमवार शाम को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें मंगलवार को हरियाणा से पटियाला लाया जा रहा था, तभी थाने ले जाते समय उनके साथियों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी। आरोप है कि गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। विधायक ने फार्च्यूनर से भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने फार्च्यूनर को घेर लिया, तो हरमीत ने स्कार्पियो से भागने में सफलता पा ली। पुलिस उनका पीछा कर रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक के खिलाफ 26 अगस्त को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि विधायक ने शादी का झांसा देकर उनका यौन शोषण किया। आरोपों की जांच के बाद विधायक पर रेप का मामला दर्ज किया गया है। वर्ष 2022 में भी उनकी दूसरी पत्नी गुरप्रीत कौर ने उन पर पहली शादी छिपाने और मारपीट का आरोप लगाया था। उनकी एक कथित अश्लील वीडियो भी वायरल हुई थी।
कुछ महीने पहले हरमीत को 8 सुरक्षाकर्मियों का घेरा देने वाली मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार आखिर विधायक पठानमाजरा से क्यों नाराज है? दरअसल, पठानमाजरा पंजाब में आई बाढ़ को लेकर मान सरकार को घेर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने नदी तल से गाद निकालने का काम रोक दिया है, जिससे बाढ़ संकट बढ़ गया। उन्होंने ‘दिल्ली लॉबी’ पर पंजाब के मामलों में हस्तक्षेप करने का आरोप भी लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *