देश-विदेश

अब लॉकडाउन नहीं अनलॉक 1, आठ जून से खुलेंगे होटल-रेस्त्रां और मॉल्स

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

30 जून तक कंटेनमेंट जोंस रहेंगे लॉक
नई दिल्ली, एजेन्सी। केंद्र सरकार ने लॉकडाउन का चौथा चरण खत्म होने से एक दिन पहले यानी शनिवार को देश में लॉकडाउन के पांचवें चरण की घोषणा की है। देश में बढ़ते कोरोना वायरस मामलों को देखते हुए सरकार ने एक जून से 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की है। लॉकडाउन के पांचवें चरण में केंद्र सरकार ने और अधिक छूट प्रदान की है। 8 जून से शॉपिंग मॉल, सैलून, होटल और रेस्तरां खोले जाएंगे। जुलाई में स्कूल और कॉलेज खोलने का फैसला राज्य स्वयं करेंगे।
कंटेनमेंट जोन पूरी तरह से बंद रहेंगे और कंटेनमेंट जोन के बाहर चरणबद्ध तरीके से छूट दी जाएगी। एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने के लिए अब ई-पास या परमिट की जरूरत नहीं होगी। मेट्रो सेवा, जिम, स्वीमिंग पूल, सिनेमा हॉल पांचवें चरण में भी बंद रखे जाएंगे।
लॉकडाउन के पांचवें चरण के लिए नए दिशा-निर्देश जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे अनलॉक-1 का नाम दिया है। अनलॉक-1 को तीन चरणों में बांटा गया है, जिसके तहत चरणबद्ध ढंग से देश में चीजों को खोला जाएगा। गृह मंत्रालय ने कहा कि पहले चरण में 8 जून, 2020 से धार्मिक स्थल और पूजा स्थलों को लोगों के लिए खोला जाएगा। होलट, रेस्तरां और अन्य हॉस्पीटैलिटी सेवाओं को अनुमति होगी। शॉपिंग मॉल्स भी खोले जाएंगे। सरकार जल्द ही इसके लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगी।
दूसरे चरण में स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक, प्रशिक्षण और कोचिंग संस्थानों आदि को अनुमति दी जाएगी। इसके लिए पहले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ चर्चा की जाएगी उसके बाद ही इस पर कोई फैसला लिया जाएगा। तीसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा, मेट्रो रेल, सिनेमा हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क आदि को खोलने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए भी पहले राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से चर्चा की जाएगी।
नई गाइडलाइंस के मुताबिक रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक अब कफ्र्यू रहेगा। पहले शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक कफ्र्यू था। 8 जून से मंदिर-मस्जिद, होटल व मॉल्स को भी खोला जाएगा। मेट्रो सेवा और सिनेमा हॉल पांचवें चरण में भी बंद रखे जाएंगे। नई गाइडलाइंस में कहा गया है कि दूसरे चरण में स्कूल और कॉलेज को भी खोला जाएगा। पांचवें चरण के लॉकडाउन में देशभर में अब कहीं भी आवाजाही की जा सकेगी।

अनलॉक 1, जानिए क्या खुलेगा क्या रहेगा लॉक
नई दिल्ली, एजेन्सी। गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन को खत्म कर दिया है और अनलॉक 1 की गाइडलाइन्स जारी कर दी हैं। इसके तहत कंटेनमेंट जोन के बाहर चरणबद्ध तरीके से छूट दी जाएगी, लेकिन फिलहाल कंटेनमेंट जोन में पूरी पाबंदी रहेगी। हालांकि, जरूरी गतिविधियों की मंजूरी रहेगी। अनलॉक 1 की ये गाइडलाइन्स 1 जून से 30 जून तक के लिए जारी रहेंगी। जहां भी पाबंदी होगी, वहां पर अगर कोई शख्स नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। आइए जानते हैं अनलॉक-1 में क्या-क्या कब से खुलेगा।
– पहले चरण में 8 जून से धार्मिक स्थल, होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल खोले जाएंगे। हालांकि, ये सब शर्तों के साथ ही खुलेंगे।
– दूसरे चरण में स्कूल कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान खुलेंगे। राज्य सरकारें स्कूलों और बच्चों के माता-पिता से बात कर के स्कूल-कॉलेज खोलने पर फैसला कर सकते हैं। अभी जुलाई महीने से स्कूलों को खोलने की कोशिश की जाएगी, जिस पर राज्य अपने विवेकानुसार फैसला ले सकते हैं। जुलाई में ये तय होगा कि स्कूल खोलने हैं या नहीं।
– तीसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, मेट्रो रेल, सिनेमा हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, एंटरटेनमेंट पार्क, थिएटर, बार और ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल जैसी जगहें आदि को खोलने पर विचार होगा।

कंटेनमेंट जोन में अभी भी लॉकडाउन
कंटेनमेंट जोन में 30 जून तक लॉकडाउन लागू रहेगा। कंटेनमेंट जोन में सिर्फ जरूरी सेवाओं की ही इजाजत होगी। इस बात का खास ध्यान रखा जाएगा कि कंटेनमेंट जोन में लोगों का मूवमेंट ना हो। कंटेनमेंट जोन में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, घर-घर का सर्विलांस होगा। राज्यों की तरफ से कंटेनमेंट जोन के बाहर बफर जोन तय किए जा सकते हैं, जहां नए मामले आने की अधिक संभावना हो। इन बफर जोन में जिला प्रशासन अपने विवेकानुसार पाबंदियां लगा सकता है।
जारी रहेगा नाइट कफ्र्यू
रात का कफ्र्यू जारी रहेगी। जो जरूरी चीजें हैं, उनके लिए कोई कफ्र्यू नहीं होगा। रात को 9 बजे से सुबह 5 बजे तक अब नाइट कफ्र्यू रहेगा। अभी तक ये शाम 7 से सुबह 7 बजे तक था। स्कूल-कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान खोले जाने पर फैसला सरकार बाद में लेगी।

कहीं भी आ-जा सकते हैं लोग
एक से दूसरे राज्य में जाने का प्रतिबंध पूरी तरह से हटा लिया गया है। राज्य में भी एक जिले से दूसरे जिले में जा सकेंगे, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। कहीं आने जाने से पहले किसी की कोई इजाजत लेने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, राज्यों को अगर कहीं लगता है तो वह पाबंदियां लगा सकते हैं, जिसकी जानकारी वह पहले से ही दे देंगे।

जरूरी ना हो तो बच्चे-बुजुर्ग घर में रहें
अनलॉक 1 में भी 65 साल से अधिक के बुजुर्गों और 10 साल से कम के बच्चों के लिए दिशा-निर्देश हैं कि वह बाहर ना निकलें, जब तक कि कोई मेडिकल इमरजेंसी या कोई और बहुत ही जरूरी वजह ना हो।

आरोग्य सेतु ऐप करें इंस्टॉल
आरोग्य सेतु ऐप की वजह से कोरोना के रिस्क के बारे में काफी कुछ पता चल जाता है। ऐसे में सभी दफ्तरों को कहा गया है कि वह ये सुनिश्चित करें कि हर कर्मचारी के मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप हो, जिनके पास भी स्मार्टफोन हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी लोगों से आरोग्य सेतु ऐप इंस्टॉल करने को कहा जा सकता है।

राज्य सरकारों के पास अधिक ताकत
अब राज्य सरकारों को अधिक ताकत दी गई है। राज्य सरकारें ही तय करेंगी कि कैसे राज्यों में बसें और मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी। केंद्र सरकार ने तो प्रतिबंध हटा लिया है, लेकिन राज्य सरकार अपने स्तर पर पाबंदियां लगा सकती हैं। जैसे कि मध्य प्रदेश ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वहां पर लॉकडाउन 15 जून तक लागू रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!