आपदा प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी ताकत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : बांध सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को गिंवाडी ग्राम में रिन्यू जल ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड ने एनडीआरएफ एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष ’सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम कंपनी की सिंगोली भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना परिसर में आयोजित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि आपदा प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम का उद्देश्य सभी हितधारकों को बांध सुरक्षा अधिनियम, 2021 के प्रावधानों से अवगत कराना तथा परियोजना की आपातकालीन तैयारियों एवं आपदा प्रबंधन तंत्र की जानकारी देना था। इस अवसर पर एनडीआरएफ और डीडीएमओ की विशेषज्ञ टीम ने आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण और जागरूकता सत्र चलाए। आपातकाल में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी मार्ग और सामुदायिक सतर्कता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में रिन्यू जल ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट हेड अक्षय भारद्वाज, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार ने उपस्थित हितधारकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बांध सुरक्षा, आपदा के समय सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, ग्राम वासियों, परियोजना से जुड़े हितधारकों, आसपास के क्षेत्रों के लोगों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिन्यू जल ऊर्जा ने बताया कि कंपनी भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता और सुरक्षा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *