80 वर्षीय महिला की शिकायत पर प्रशासन सक्रिय

Spread the love

पुरोला। सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के दावों के बीच पुरोला के घुंडाडा गांव की 80 वर्षीय चंद्री देवी का मामला सिस्टम की जमीनी स्थिति को सामने लाता है। बुनियादी सुविधाओं और लंबित पेंशन की शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचीं वृद्धा की फरियाद पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुरोला तहसील से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम घुंडाडा निवासी चंद्री देवी मंगलवार को समस्याएं लेकर उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला के कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके साथ रहने वाले बेटे की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है और अब वह अकेली हैं। चंद्री देवी ने प्रशासन को बताया कि उनके घर में अब तक बिजली और गैस कनेक्शन की सुविधा नहीं पहुंची है। इसके अलावा पिछले तीन माह से वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं मिली जिससे दैनिक जरूरतों का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मुकेश रमोला ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उरेडा विभाग को सौर ऊर्जा योजना के तहत घर में बिजली की व्यवस्था कराने और समाज कल्याण विभाग को एक सप्ताह के भीतर तीन माह से लंबित वृद्धावस्था पेंशन जारी करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *