मनसा देवी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने को प्रशासन सख्त

Spread the love

हरिद्वार। मनसा देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अपर रोड, मनसा देवी उड़न खटोला मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि नाली के बाहर या फुटपाथ पर दुकान या फड़ लगाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस और संबंधित विभागों को ऐसे अतिक्रमणों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उड़न खटोला क्षेत्र में भी अव्यवस्था पर नाराजगी जताई गई। जिलाधिकारी ने प्रबंधक को निर्देश दिए कि टिकट घर के आसपास कोई दुकान संचालित न हो। मौके पर मौजूद अवैध दुकानों को हटाया गया और चेतावनी दी गई कि दोबारा उल्लंघन होने पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा डीएम ने अपर रोड पर चल रहे सीवरेज कार्यों की भी समीक्षा की। कार्यदाई संस्था और ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव नैय्यर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *