हरबर्टपुर में यात्रा संचालन की प्रशासन ने संभाली कमान 

Spread the love

विकासनगर। हरबर्टपुर बस अड्डे से यात्रा के संचालन की कमान खुद एसडीएम और सीओ ने संभाल रखी है। दोनों अधिकारियों ने बस अड्डे पर ही कैंप लगाया हुआ है। यहां से हर व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बस अड्डे से उन्हीं यात्रियों के काफिले को आगे जाने दिया जा रहा है, जिन्होंने उत्तरकाशी में होटल बुक किए हुए हैं। इसके साथ ही बिना पंजीकरण कराए यात्रा पर जाने वालों को भी वापस लौटाया जा रहा है। यमुनोत्री जाने वाले सभी यात्रियों को हरबर्टपुर बस अड्डे पर रोका जा रहा है। उसके बाद यहीं से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। बस अड्डे पर यात्रियों की सहायता के लिए पुलिस सहायता केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र में एसडीएम और सीओ खुद यात्रियों की समस्याओं को सुन रहे हैं। गुरुवार को 800 से अधिक यात्रियों को यहां पर ठहराया गया। हालांकि दिनभर यात्री यहां से आगे बढ़ते रहे, लेकिन उतने ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है, जितनों को भेजने की उत्तरकाशी जिला प्रशासन से अनुमति मिल रही है। उत्तरकाशी जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि यात्रियों की संख्या को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की जा रही है। हरबर्टपुर बस अड्डे पर प्रत्येक यात्री वाहन को टोकन दिया जा रहा है। जिन यात्रियों के पास होटल बुकिंग की रसीद नहीं है, उन्हें आगे जाने से रोका जा रहा है। सीओ भाष्कर लाल साह ने कहा कि कटापत्थर में भी यात्रियों को रोके जाने की व्यवस्था है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *