पटना घटना के बाद खान सर की मुश्किलें बढ़ीं, पैतृक गांव में उठे पुराने विवादों के मुद्दे; पड़ोसी और रिश्तेदारों ने लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

पटना , बिहार के चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके कोचिंग संस्थान में हुए विवाद और कथित फायरिंग मामले में पुलिस ने दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस मामले में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। इसी बीच, उनके पैतृक गांव भाटपाररानी में भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। गांव के कुछ लोगों ने उनके पुराने विवादों का जिक्र करते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों का कहना है कि गांव में सड़क और नाली निर्माण को लेकर भी पहले विवाद हो चुके हैं। वहीं पड़ोसियों ने उन पर दबदबा बनाने और प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं।
पड़ोसी धर्मेंद्र ने कहा, “हमारी गली में सड़क को लेकर विवाद था। इसमें उन्होंने (खान सर) ने दबाव बनाकर और अपनी ताकत का दुरुपयोग करके यहां के लोगों को प्रताड़ित किया। जबरदस्ती हमारी दीवार गिरा दी गई थी। बाद में प्रशासन को एहसास हुआ तो उसने स्पष्टीकरण दिया था। इसी तरह की दबंगई उनके (खान सर) के स्वभाव में है। वहीं, खान सर के रिश्ते में चाचा लगने वाले इमरान ने भी उन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “हम लोग परिवार से जुड़े हुए हैं। हमारे परिवार में पुश्तैनी मकान को लेकर विवाद है। इस मामले में हम लोगों को बहुत प्रताड़ित किया गया। वे (खान सर) हमारे खिलाफ धन-बल का प्रयोग करते हैं।”
इमरान ने कहा, “खान सर और उनका परिवार बहुत अहंकारी है। वह बहुत अधिक महत्वाकांक्षी हैं। सुर्खियों में आने के लिए वे कुछ भी कर सकते हैं। पटना की घटना इसी महत्वाकांक्षा का परिणाम है। वे चाहते हैं कि मेरे सामने कोई दूसरा खड़ा न हो।” एक और स्थानीय व्यक्ति निशार अहमद खान ने कहा, “खान सर के पास कोई खास डिग्री नहीं है। वे सिर्फ बोलने में माहिर हैं और उसी के रोटी खाते हैं।” उन्होंने कहा कि पहले उनका स्वभाव ठीक था, लेकिन अब वह दुनिया के जंजाल में घुस चुके हैं और आगे बढ़ने के चक्कर में वह बर्बाद हो रहे हैं। अब उनका स्वभाव दबंगई वाला हो चुका है।
दरअसल, पूरे मामले की शुरुआत 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके से हुई, जहां खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर हमला और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगा। घटना के दौरान संस्थान के सुरक्षा गार्डों की ओर से कथित रूप से फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
पुलिस जांच के दौरान वायरल वीडियो के आधार पर सुरक्षा गार्ड प्रदीप और तालेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने फायरिंग की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही उनके हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। इस मामले में खान सर को भी नामजद करते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *