जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में उत्तराखण्ड राज्य की टीमों के गठन के लिए जनपद स्तरीय चयन ट्रायल्स का आयोजन किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चैहान ने बताया कि ट्रायल्स 30 सितंबर और 01 अक्टूबर 2026 को प्रात: 9 बजे से स्पोट्र्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि के खेल मैदान में होंगे।

इन ट्रायल्स में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कैरम, चैस, हॉकी, कबड्डी, लॉन टेनिस, वेट लिफ्टिंग एवं पावर लिफ्टिंग, बेस्ट फिजिक, तैराकी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कुश्ती, खो-खो, योग (पुरुष महिला) तथा क्रिकेट फुटबॉल (पुरुष) वर्ग के खेल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल्स में केवल राजकीय कार्मिक ही प्रतिभाग कर सकेंगे। पुलिस एवं सेना विभाग को छोड़कर सभी विभागों के ऐसे कर्मचारी जिनका वेतन अधिष्ठान बजट से दिया जाता है और जो राज्य सरकार के नियमकारी नियंत्रण में हैं, पात्र होंगे। प्रतिभागियों को किसी प्रकार का व्यय देय नहीं होगा। प्रतिभागियों को अपने साथ विभागाध्यक्ष से अनुमति अनापत्ति प्रमाण-पत्र, विभागीय आईडी, मोबाइल नंबर व ई-मेल, स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की फोटो प्रति लाना अनिवार्य होगा। शासनादेश के अनुसार ट्रायल में भाग लेने वाले कार्मिक ड्यूटी पर माने जाएंगे। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को 06 अक्टूबर की सांय तक राज्य स्तरीय ट्रायल स्थल पर उपस्थिति देनी होगी, जबकि राज्य स्तरीय ट्रायल 07 एवं 08 अक्टूबर को आयोजित होंगे।