श्रीनगर गढ़वाल : बुधवार रात और ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण गुरूवार को अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया और अल्केश्वर घाट जलमग्न हो गया। वहीं धारी देवी मंदिर से नीचे के पिलर भी जलमग्न हो गए। पुलिस, प्रशासन, सिंचाई विभाग और श्रीनगर बांध प्रबंधन ने नदी किनारे सतर्कता बढ़ा दी है।

गुरूवार सुबह अलकनंदा नदी का जलस्तर 534.80 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि नदी अभी 535 मीटर के चेतावनी स्तर और 536 मीटर के खतरे के निशान से नीचे बह रही है। सिंचाई विभाग की ओर से नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। वहीं श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से नदी किनारे और घाटों पर निगरानी रखी जा रही है। लोगों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से रोका जा रहा है। (एजेंसी)