निगम ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपे वर्क आर्डर
श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम श्रीनगर ने नगर निगम क्षेत्र में यूजर चार्जेज (डोर-टू-डोर कलेक्शन) का कार्य महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंप दिया है। मेयर आरती भंडारी की पहल पर नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को औपचारिक रूप से कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) वितरित किए गए। अब नगर निगम क्षेत्र में घर-घर जाकर यूजर चार्जेज संग्रहण का कार्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कार्य की जिम्मेदारियों, संग्रहण प्रक्रिया, नागरिकों से संवाद और पारदर्शी व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल नारों से नहीं, बल्कि अवसर देने से संभव होता है। इससे महिलाओं को नियमित रोजगार का अवसर मिलेगा। वहीं नगर निगम की व्यवस्था, जनसहभागिता और राजस्व संग्रहण प्रणाली को भी नई मजबूती प्राप्त होगी। इस मौके पर नगर आयुक्त नुपूर वर्मा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार सहित विभिन्न महिला समूह से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं। (एजेंसी)