कोटद्वार-पौड़ी

कमर तोड़ रहा वैकल्पिक मार्ग, धूल व मिट्टी भी बनी चुनौती

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मालन नदी पर लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाया गया है वैकल्पिक मार्ग
लोगों की शिकायत के बाद भी मार्ग मरम्मत की सुध नहीं ले रहा लोक निर्माण विभाग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मालन नदी का पुल ढहने के बाद भले ही लोक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक मार्ग का निर्माण किया हो। लेकिन, यह मार्ग भी वाहन चालकों के लिए एक चुनौती बन गया है। एक ओर जहां मार्ग पर बने गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों की कमर तोड़ रहे हैं। वहीं, धूल व मिट्टी से आंखों को भी नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से मार्ग मरम्मत करवाने की मांग की है।
वर्षाकाल में मालन नदी का पुल ढहने के बाद कोटद्वार को भाबर क्षेत्र से जोड़ना एक चुनौती बन गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने तल्ला मोटाढांक-बेलगिरी आश्रम से वैकल्पिक मार्ग तैयार किया। इससे बाजार से भाबर को जाने व आने वाले वाहनों को काफी राहत मिली। मार्ग का सबसे अधिक फायदा औद्योगिक इकाईयों को जाने वाले भारी वाहनों को मिला। लेकिन, वर्तमान में यह मार्ग पूरी तरह बदहाल हो चुका है। तल्ला मोटाढांक से वैकल्पिक मार्ग की ओर सड़क के गड्ढे वाहन चालकों की कमर तोड़ रहे हैं। सबसे अधिक समस्याओं का सामना दोपहिया वाहन चालकों को हो रहा है। मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से उड़ रही धूल दम घोट रही है। डेढ़ किलोमीटर का यह मार्ग पार करना एक चुनौती बन गई है।

मार्ग पर बिछाया जाएं डामर
यातायात को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्रवासियों ने वैकिल्पक मार्ग के डामरीकरण की मांग की है। कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को गड्ढे व धूल से काफी निजात मिलेगी। मार्ग से बच्चों व बुजुर्गों को ले जाने में सबसे अधिक परेशानी होती है। वहीं, रात के समय मार्ग पर अंधेरा छा जाता है। जिससे जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। ऐसे में मार्ग के दोनों ओर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगवाई जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!