गृह मंत्री ने कहा- राष्ट्रपति कलर्स किसी भी अनुशासित बल का सर्वोच्च सम्मान; पुदुचेरी की सुरक्षा और आंतरिक व्यवस्था में पुलिस की भूमिका सराहनीय
पुदुचेरी, , केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुदुचेरी पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किए। इस अवसर पर पुदुचेरी के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राष्ट्रपति कलर्स प्राप्त करने के अवसर पर गृह मंत्री ने पुदुचेरी पुलिस की बहादुरी, कड़ी मेहनत, शौर्य, सेवा और समर्पण की सराहना की।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति कलर्स मिलना किसी भी अनुशासित पुलिस बल के लिए सर्वोच्च और सबसे गौरवपूर्ण सम्मान होता है। पुदुचेरी पुलिस को यह सम्मान मिलना उसके पराक्रम और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पुदुचेरी के मुख्यमंत्री, राज्य सरकार, पुलिस बल और जनता को बधाई दी।
आंतरिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा में निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका
गृह मंत्री ने कहा कि अलग-अलग स्थानों में भौगोलिक रूप से बिखरे पुदुचेरी की कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी पुदुचेरी पुलिस बखूबी निभा रही है। संख्या में कम होने के बावजूद पुलिस बल ने अपने शौर्य, सेवा और समर्पण के बल पर पुदुचेरी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा है।
उन्होंने कहा कि पुदुचेरी न केवल एक महत्वपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश है, बल्कि दक्षिण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक भी है। लंबे समय तक फ्रांसीसी शासन के अधीन रहने के बावजूद पुदुचेरी ने अपनी भारतीयता और आध्यात्मिक ऊर्जा को संरक्षित रखा है।
1963 से पुलिस ने मजबूत की आंतरिक सुरक्षा
अमित शाह ने कहा कि 1 अक्टूबर 1963 को पुदुचेरी में पुलिस महानिदेशक का पद सृजित किया गया था। इसके बाद से पुदुचेरी पुलिस ने सीमांत क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि पुदुचेरी पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ क्षेत्र की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का दायित्व पूरी निष्ठा से निभाया है। यही कारण है कि बल को राष्ट्रपति कलर्स जैसा प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।
कोरोना संकट में पुलिस की भूमिका सराहनीय
गृह मंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान पुदुचेरी पुलिस की सेवाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अभूतपूर्व कोरोना संकट के दौरान पुलिसकर्मी अग्रिम पंक्ति में डटे रहे और जनता की सेवा की। संकट की उस घड़ी में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों को उसके इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।
तीन नई न्याय संहिताओं का किया उल्लेख
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंग्रेजों के समय की दंड संहिताओं में बदलाव कर तीन नई आपराधिक न्याय संहिताएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि नई न्याय व्यवस्था का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि तकनीक के इस्तेमाल और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से नागरिकों को न्याय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि नई न्याय संहिताएं तकनीक, समयबद्धता और विश्वास के तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित हैं।
पुदुचेरी में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में केंद्र शासित प्रदेशों को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। पुदुचेरी के विकास के लिए भी केंद्र सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 2,200 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-332ए को चार लेन बनाने का कार्य किया गया है। इसके अलावा पुदुचेरी में लगभग 3,400 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा विस्तारित हवाई अड्डा रनवे भी तैयार किया गया है।