ऋषिकेश। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारों और बाइपास मार्ग पर दोपहिया वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण पुलिस को यातायात का रूट बदलना पड़ा। कांवड़ियों के वाहनों को बाजार और आंतरिक मार्गों से भेजे जाने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग समेत शहर की गलियां भी पैक रहीं। इस दौरान कई स्थानों पर कांवड़ियों की पुलिसकर्मियों से कहासुनी भी हुई।
डाक कांवड़ शुरू होने के बाद सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाक कांवड़ के ट्रकों का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने श्यामपुर पुलिस चौकी से ट्रकों को आईडीपीएल पार्किंग की ओर भेजा जहां से कांवड़िये पैदल पशुलोक बैराज-बाघखाला होते हुए नीलकंठ रवाना हुए। वहीं, हाईवे पर आने वाले कांवड़ियों के दोपहिया वाहनों को बाइपास मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया।बाइपास मार्ग पर गौरा देवी चौक और इंद्रमणि बडोनी चौक के पास जाम जैसे हालात बनने पर पुलिस ने कांवड़ियों के दोपहिया वाहनों को श्यामपुर पुलिस चौकी से आईडीपीएल सिटी गेट, कोयलघाटी और बाजार की ओर भेजना शुरू किया। इसके चलते बाजार और आंतरिक मार्गों पर कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ गई। कांवड़िये अलग-अलग मार्गों से नीलकंठ की ओर रवाना होते रहे। कई कांवड़िये कोयलघाटी चौक से पशुलोक बैराज होते हुए नीलकंठ पहुंचे। कुछ घाट चौक से रेलवे रोड, ऋषिकेश रेलवे स्टेशन और गौरादेवी चौक होते हुए आगे बढ़े जबकि कुछ देहरादून रोड से इंद्रमणि बडोनी चौक पहुंचे। वहीं, कुछ कांवड़िये राष्ट्रीय राजमार्ग से कैलाश गेट, रामझूला और गरुड़चट्टी होते हुए नीलकंठ की ओर रवाना हुए। बाजार के अंदर कांवड़ियों के वाहनों और भीड़ बढ़ने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, बाजार में ग्राहकों की संख्या भी सामान्य दिनों की तुलना में कम नजर आई।