अल्मोड़ा। भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ पर ऐतिहासिक अल्मोड़ा जिला जेल में रविवार को अगस्त क्रांति दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी यादों और इतिहास से लोगों को रूबरू कराने के लिए जेल के दरवाजे आगंतुकों के लिए खोले गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और देशभक्ति के गीतों से माहौल देशभक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराया।
अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि ऐतिहासिक जिला जेल को भविष्य में संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेल को दूसरी जगह स्थानांतरित कर इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटकों के लिए खोला जा सकता है। इससे लोग यहां स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों और इस स्थान से जुड़ी महान हस्तियों के इतिहास को करीब से जान सकेंगे।