गिरफ्तारी पर आक्रोश, कांग्रेसियों ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दिल्ली में अग्निवीर योजना का विरोध कर रहे युवाओं को हिरासत में लिए जाने का कांग्रेस ने विरोध किया है। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार का पुतला दहन करते हुए सरकार को युवा विरोधी बताया। कहा कि देश में अपने अधिकारों की आवाज उठाने वालों का सरकार शोषण कर रही है।
बुधवार को कार्यकर्ता व पदधिकारियों ने झंडाचौक में प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अग्निवीर योजना से देश के युवा बेरोजगारों के साथ अन्याय किया जा रहा है, जो देश हित में नहीं है। वहीं पूर्व में चयनित युवाओं को अभी तक भी ज्वाइनिंग नहीं मिल पाई है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में भी युवा नौकरी के लिए इधर उधर धक्के खाने पर मजबूर हैं। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से जनता परेशान हो चुकी है और सत्ता परिवर्तन करने का मन बना चुकी है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन करने वालों में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव बृजपाल सिंह नेगी, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सुदर्शन रावत और सेवादल अध्यक्ष महावीर सिंह रावत सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *