कोटद्वार-पौड़ी

नाराज सफाई कर्मचारियों ने दिया धरना

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

आश्वासन के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। नगरपालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर नाराजगी जताई है। सफाई कर्मियों ने सांकेतिक धरना देते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ किए गए वादे जल्द पूरे नहीं करती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को नगर पालिका परिसर पौड़ी में सफाई कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन किया। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष प्रवीण घाघट ने कहा कि सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त किए जाने, संविदा कर्मियों को नियमित किए जाने, पुरानी पेंशन बहाली, कर्मचारियों का जीवन बीमा किए जाने सहित 11 सूत्रीय मांगों के समाधान की लंबे समय से गुहार लगाई जा रही है। बताया कि सफाई कर्मचारी तीन दिनों तक सांकेतिक प्रदर्शन कर सरकार को जगाने का काम करेंगे। कहा कि मई में सफाई कर्मियों ने 11 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर सफाई व्यवस्था ठप कर दी थी। इस दौरान 19 से 26 मई तक चले आंदोलन में सरकार ने एक सप्ताह के भीतर सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था। लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी सफाई कर्मियों की समस्याएं जस की तस पड़ी हुई हैं। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिए जाने पर सफाई कर्मचारी फिर से आंदोलन की राह पर चलने को मजबूर हो जाएंगे। सांकेतिक प्रदर्शन करने वालो में नगर अध्यक्ष राहुल टांक, विजेंद्र, विक्रम डुगल्चे, मुकेश ढींगिया, राजू रीडियान आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!