आक्रोशित ग्रामीणों ने जल संस्थान कार्यालय का किया घेराव

Spread the love

देवप्रयाग : पट्टी भरपूर की बमाणा ग्राम पंचायत के देवल्ड गांव में पिछले दो हफ्ते से जलापूर्ति ठप होने से गुस्साए ग्रामीणों ने जल संस्थान कार्यालय देवप्रयाग का घेराव किया। उन्होंने प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की। समाजसेवी व पूर्व प्रधान रतनसिंह ने कहा कि दो हफ्ते से टूटी पाइप लाइन की सुध नहीं लिए जाने से पूरा देवल्ड गांव भारी पेयजल संकट से जूझ रहा है। बरसात में उगी झाड़ियों के कारण ग्रामीण गुलदार के डर से दूर स्थित स्रोतों से भी पानी नहीं ला पा रहे हैं। वहीं मवेशियों को बारिश का पानी पिलाना पड़ रहा है।


महिलाओं ने कहा कि उन्हें खाना बनाने तक का पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिशासी अभियंता के मौजूद नहीं होने पर नाराजगी जताते ग्रामीणों ने अवर अभियंता अमित रतूड़ी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शीघ्र जलापूर्ति नहीं होने पर जलसंस्थान में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। रतूड़ी ने देवल्ड गांव में अस्थायी जलापूर्ति के लिए टैंकर लगाने व क्षतिग्रस्त लाइन की तत्काल मरम्मत शुरू किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं एक बुजुर्ग ने टैंकर से जलापूर्ति करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उनका घर सड़क से काफी दूर है। ऐसे में उनके लिए यह व्यवस्था बेकार है। इस मौके पर उपप्रधान हरि सिंह, देव सिंह, केशव सिंह, गोपाल, उम्मेद सिंह, मणी सिंह, भागू देवी, बिंदी देवी, दिक्कू देवी व लक्ष्मी देवी आदि मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *