जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार की होनहार शतरंज खिलाड़ी काया ध्यानी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित प्रथम कॉमनवेल्थ स्कूल शतरंज चैंपियनशिप में काया ने अंडर-11 बालिका वर्ग में दो पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में उन्होंने रैपिड शतरंज में रजत और क्लासिकल शतरंज में कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर कोटद्वार के होटल ग्रैंड कैलाश में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम में काया की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान काया के माता-पिता को भी बधाई दी गई। काया के पिता पंकज ध्यानी ने कहा कि अपनी जन्मभूमि कोटद्वार में अपनों के बीच बेटी को मिले स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन से उनका परिवार गौरवान्वित और भावुक है। काया की शतरंज यात्रा करीब तीन वर्ष पहले घर में खेल-खेल में शुरू हुई थी। वर्ष 2025 में गुवाहाटी में आयोजित नेशनल स्कूल चेस चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के बाद उन्होंने देश के शीर्ष 50 खिलाड़ियों में स्थान बनाया। इसके बाद अगस्त 2026 में कर्नाटक के मंगलुरु में आयोजित नेशनल अंडर-11 चेस चैंपियनशिप में भी उन्होंने शीर्ष 50 खिलाड़ियों में जगह बनाई। इस प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। अक्टूबर 2026 में मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित कॉमनवेल्थ स्कूल चेस चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए काया ने दो पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। अब उनका लक्ष्य शतरंज की प्रतिष्ठित वुमेन ग्रैंडमास्टर (डब्ल्यूजीएम) उपाधि हासिल करना है।