देश-विदेश

अनुराग ठाकुर बोले- इंडी अलायंस गठबंधन नहीं सिर्फ इंटरटेनमेंट, कोई सीटें देने को तैयार नहीं

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

लखनऊ , एजेंसी। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इंडी अलायंस को गठबंधन नहीं सिर्फ इंटरटेनमेंट बताते हुए कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा एक ‘छलावा’ है और कांग्रेस पार्टी के अंदर कांग्रेसी नेताओं को ही ‘न्याय’ नहीं मिल रहा है। अनुराग ठाकुर ने यहां खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम से पूर्व मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा, “कांग्रेस की न्याय यात्रा छलावा है। आज जिस कांग्रेस में राहुल गांधी और श्रीमती सोनिया गांधी लोगों को न्याय दिलाने की बात करते हैं वहां कांग्रेस के नेताओं को ही न्याय नहीं मिल रहा है। एक के बाद एक बड़ा नेता कांग्रेस को छोड़ रहा है। कपिल सिब्बल जी, गुलाम नबी आजाद जी, अश्विनी कुमार जी, हिमंता बिस्वा शर्मा जी, सुरेश जाखड़, आरपीएन सिंह, अनिल एंटोनी, हार्दिक पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस छोड़ दी है। अपनी पार्टी में ही न्याय न मिलने के कारण आज कांग्रेस छोड़ने वालों की लंबी लाइन लगी है। भारतीय जनता पार्टी में सभी को सम्मान मिला है। हम अच्छे लोगों को अपना परिवार मानते हैं। यही कारण है की आज कोई मुख्यमंत्री है, कोई केंद्रीय मंत्री है, कोई सांसद है, कोई विधायक है। आज लोग मोदी जी के विकास के साथ जुड़ना चाहते हैं।”
इंडी गठबंधन और कांग्रेस पर प्रहार करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली करारी शिकस्त के बाद आज सहयोगी दल भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने में कतरा रहे हैं। डूबते जहाज पर कोई सवारी नहीं करना चाहता। कांग्रेस तो डूबी ही है, अपने साथ अन्य दलों को भी डूबा रही है। गठबंधन तो बना लिया मगर सीट शेयरिंग के नाम पर कोई सीटें देने को तैयार नहीं हैं। यह गठबंधन नहीं सिर्फ इंटरटेनमेंट है।” उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन क़रने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के कार्यक्रम में बोलते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की खेल व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की नीतियों के चलते आज भारत खेलों के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित कर रहा है।”
उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में हमेशा से एक समृद्ध खेल परंपरा रही है और यह देखना हर्षदाई है कि अब उत्तर प्रदेश भारत में खेलों का केंद्र बन रहा है। आज उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी व अन्य गणमान्यों के साथ लखनऊ में 19वें एशियन गेम्स 2022, चौथे पैरा एशियन गेम्स 2022 और 37वें नेशनल गेम्स 2023 में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश का मान बढ़ाने वाले यहाँ के खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों सम्मानित करने का सुअवसर मिला। केंद्र सरकार, राज्य सरकार की मदद और खिलाड़ियों की मेहनत से एशियाई और पैरा एशियाई में मैडल जीतने के नए कीर्तिमान स्थापित किए है। खिलाड़ियों को उनके योगदान के लिए सम्मान देने का प्रदेश सरकार का यह कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय है जो ना सिर्फ़ हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ायेगा बल्कि अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा। मैं सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!