जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफआर चौहान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। एडीएम ने भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग की तय समय सीमा के अनुसार कार्य पूरा किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों और बूथों पर संबंधित अधिकारियों को दैनिक निगरानी के साथ विशेष कार्य योजना बनाकर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्यों की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां इसे शीघ्र प्रारंभ कर गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा करने को कहा। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह और एडीआईओ एनआईसी हेमंत काला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।