लोगों से की विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती नाजिश कलीम के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड खिर्सू के जनता इंटर कॉलेज, जमणाखाल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों को अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से नि:शुल्क सहायता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।


शिविर के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं जनमानस को नि:शुल्क विधिक सेवाओं एवं विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नि:शुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श, नि:शुल्क अधिवक्ता की सुविधा, न्यायालयीन मामलों में आवश्यक विधिक सहायता तथा मध्यस्थता, सुलह एवं लोक अदालत के माध्यम से विवादों के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इस अवसर पर नालाशा 2016 के संबंध में भी उपस्थित जनमानस को विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन, स्वतंत्रता, गरिमा एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुलभ, किफायती एवं प्रभावी विधिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों को जागरूकता के अभाव अथवा सामाजिक कमजोरियों के कारण उनके अधिकारों से वंचित होने से बचाना तथा उनके कल्याण, विधिक सशक्तिकरण एवं समयबद्ध शिकायत निवारण के लिए सहयोगी न्याय व्यवस्था उपलब्ध कराना योजना का प्रमुख उद्देश्य है। शिविर में महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों तथा विभिन्न विधिक एवं कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *