नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। दुबई में हुई खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत के लिए मिले 147 रन के लक्ष्य को हासिल किया। इस संस्करण में भारत के अभिषेक शर्मा ने अविश्वसनीय प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
इस संस्करण में अभिषेक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 7 पारियों में 44.8 की औसत और 200 की स्ट्राइक रेट के साथ 314 रन बनाए। इस युवा बल्लेबाज ने 3 अर्धशतक भी लगाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 75 रन रहा। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 300 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। उनके बाद श्रीलंका के पथुम निसानका ने 6 पारियों में 43.50 की औसत से 261 रन बनाए।
अभिषेक एशिया कप के इतिहास में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने वाले कुल 5वें भारतीय खिलाड़ी बने। बता दें कि सबसे पहले सुरिंदर खन्ना ने 1984 में ये सम्मान हासिल किया था। इसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू (1988 और 1995), शिखर धवन (2018), और कुलदीप यादव (2023) भी प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जा चुके हैं। इनमें से सिर्फ अभिषेक टी-20 संस्करण में प्लेयर ऑफ द सीरीज बन चुके हैं।
अभिषेक ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 50 छक्के पूरे करने के लिए 331 गेंदों का सहारा लिया। वह सबसे कम गेंदों में 50 छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बने। अन्य भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो सूर्यकुमार यादव ने 510 गेंदों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे। उन्होंने 20 पारियों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे। वह वेस्टइंडीज के एविन लुईस के साथ सबसे कम पारियों में छक्कों का ये आंकड़ा छूने वाले खिलाड़ी बने थे।
अभिषेक ने सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 39 गेंदों में 74 रन बनाए थे। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए थे। उन्होंने मैच में सिर्फ 24 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। इस पारी के साथ ही वह पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे। उन्होंने युवराज सिंह (29 गेंद, अहमदाबाद, 2012) का रिकॉर्ड तोड़ा था।