गुवाहाटी, असम में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद बुधवार को के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया और मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार के गठन होने तक उनको कार्यवाहक मुख्यमंत्री का जिम्मा सौंपा है। सरमा ने संभावना जताई है कि मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद हो सकता है।
इस्तीफा सौंपने के बाद भाजपा नेता सरमा ने कहा कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद हो सकता है क्योंकि हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए असम आने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि इस बार चुनाव में भाजपा ने न केवल शतक लगाया है बल्कि लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक भी पूरी की है। उन्होंने कहा कि जल्द तारीख घोषित की जाएगी।
असम में 126 सीटों वाली विधानसभा में अकेले भाजपा बहुमत के लिए 63 सीटों के आंकड़े को पार कर लिया है। उसे कुल 82 सीटें मिली हैं। उसकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस सिर्फ 19 सीटें जीत पाई। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10, असम गण परिषद ने 8 और राजोर दल ने 2 सीट जीती है। भाजपा सरमा के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाएगी। वर्ष 2016 में भाजपा का वोट प्रतिशत 29.51 और 2021 में 33.21 प्रतिशत था।