श्रीनगर गढ़वाल : राष्ट्रीय राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में एनएच डिवीजन श्रीनगर ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत कलियासौड़ स्थित धारी देवी मंदिर के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे से दस अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। विभाग ने संबंधित अतिक्रमणकारियों को प्रथम चरण में नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस के माध्यम से अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

एनएच डिवीजन श्रीनगर की सहायक अभियंता गर्विता पांडे ने बताया कि धारी देवी मंदिर के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दस अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। विभाग की ओर से सभी संबंधित लोगों को पहला नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम नोटिस के बाद दो और नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बावजूद यदि संबंधित लोग निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण से बाधित भी होता है। ऐसे में चिह्नित अतिक्रमणों को हटाने के लिए नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रीनगर के शहरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिलहाल कोई अतिक्रमण चिह्नित नहीं किया गया है। शहरी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर केवल रैंप बने हुए हैं। (एजेंसी)