हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में मेले से लौट रहे चार युवकों पर 15 से 20 लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवकों को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। मारपीट में घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने हमले के दौरान मोबाइल फोन, नकदी गायब होने और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने 20 आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक नगर पंचायत सुल्तानपुर निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र कासिम ने पथरी में शिकायत कर बताया कि उनका भतीजा नाजिम पुत्र अली हसन, फरीद पुत्र यासीन, साकिब पुत्र शमीम और अमजद पुत्र फुरकान निवासीगण नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर काठा पीर के मेले से लौट रहे थे। आरोप है कि देर रात करीब दो बजे फूलगढ़ गांव स्थित टकी के पास 15 से 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान नाजिम और उसके साथियों ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। इनमें से दो युवक लक्सर रोड की ओर जाकर छिप गए, जबकि दो अन्य किसी तरह सुल्तानपुर पहुंच गए। बाद में सभी घायलों को उपचार के लिए हरिद्वार के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। आरोप है कि मारपीट के बाद जब युवकों ने अपने सामान की जांच की तो उनके मोबाइल फोन और नकदी गायब मिले। साथ ही उनकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। एसओ रविंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।