भरभराकर गिरा मकान, वृद्ध की मौत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम धमेली पट्टी असवालस्यूं में एक मकान भरभराकर गिर गया। मलवे में दबकर एक वृद्ध की मौत हो गई। राजस्व पुलिस ने शव का पोस्टमोर्टम कराने के बाद परिजनों के सुर्पद कर दिया।
राजस्व उपनिरीक्षक असवालस्यूं द्वितीय ने जिलाधिकारी पौड़ी को भेजी रिपोर्ट में बताया कि बीती मंगलवार रात को करीब आठ बजे ग्राम धमेली पट्टी असवालस्यूं निवासी 88 वर्षीय दलवीर सिंह पुत्र बुथाड़ सिंह अपने घर के एक कमरे में थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मलवे के नीचे दबने से दलवीर सिंह की मौत हो गई। इस मकान के ऊपरी मंजिल का एक कमरा टूटा हुआ है। जिस समय यह मकान क्षतिग्रस्त होकर गिरा उस समय मृतक दलवीर सिंह के घर पर एनका पुत्र नारायण सिंह और पुत्रवधु सुमन देवी खाना बना रहे थे। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि बुधवार को मृतक दलवीर सिंह के शव का पंचायतनामा भरकर तथा जिला अस्पताल पौड़ी में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।