नईदिल्ली,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 66 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति ने वेटरन एक्टर धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया. राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस समारोह में एक ऐसा मौका आया जो चर्चा का विषय बन गया.
बता दें, राष्ट्रपति मुर्मू ने पुडुचेरी के एक व्यक्ति को पद्म श्री से सम्मानित किया, लेकिन उसने पुरस्कार लेने से पहले पीएम मोदी का ऐसा अभिवादन किया, जिससे सभी लोग चकित रह गए. पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम गुरु के पजानिवेल को पारंपरिक मार्शल आर्टस में अहम योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार दिया गया, लेकिन उन्होंने पुरस्कार लेने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साष्टांग प्रणाम किया. जैसे ही उनके नाम का ऐलान हुआ, वैसे ही वे पीएम मोदी की तरफ गए और जमीन पर लेटकर उनको साष्टांग प्रणाम किया.
के पजानिवेल पुडुचेरी के मशहूर सिलंबम के कोच हैं. वे प्राचीन तमिल युद्धकला सिलंबम को सिखाने के लिए जाने जाते हैं. जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक के पजानिवेल ने इस सिलंबम को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया और इसे आगे बढ़ाने का काम किया. अभी तक वे करीब 5 हजार से ज्यादा छात्रों को इसकी कोचिंग दे चुके हैं. तमिलनाडु की इस प्राचीन मार्शल आर्ट में बांस की लाठी का प्रयोग किया जाता है.
राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने कला, साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान और खेल जगत समेत विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को सम्मानित किया. इस साल करीब 131 गणमान्य लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाना है. कुल 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 हस्तियों को पद्म श्री से सम्मानित किया जाना है. पहले चरण के तहत 66 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया.
दिवंगत वेटरन एक्टर धर्मेंद्र को मरणोपरांत और एन. राजम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया. उत्तराखंड के पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, बैंकिंग सेक्टर से उदय कोटक और ऐड गुरु स्व. पीयूष पांडे समेत करीब 6 लोगों को पद्म भूषण दिया गया.