श्रीनगर गढ़वाल : मेडिकल कालेज से संबद्ध बेस अस्पताल श्रीकोट श्रीनगर में चिकित्सा शिक्षा के साथ शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मेम्फिस में कार्यरत प्रोफेसर डॉ. आशीष जोशी के प्रयासों से बेस अस्पताल में फाउंडेशन आफ हेल्थ केयर टेक्नालॉजीज सोसाइटी (एफएचटीएस) यूनिट स्थापित की गई है।

यूनिट के माध्यम से संकाय सदस्यों के साथ ही एमबीबीएस और पीजी पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं को शोध कार्यों के लिए प्रेरित किया जाएगा। रिसर्च लैब और डिजिटल रीडिंग रूम भी इसमें तैयार किए गए हैं जिससे चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को एक साथ आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। एफएचटीएस सोसाइटी की यूनिट का मुख्य उद्देश्य संस्थान में कार्यरत संकाय सदस्यों और मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को शोध गतिविधियों से जोड़ना तथा रिसर्च के माध्यम से जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एएन पांडे ने बताया कि यूनिट में आवश्यकतानुसार सभी उपकरण स्थापित कर दिए गए हैं। उद्घाटन के पश्चात इसका विधिवत संचालन किया जाएगा। मल्टी डिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट में कार्यरत डॉ. दीपक द्विवेदी ने बताया कि बेस अस्पताल में तैयार की गई रिसर्च लैब का उद्देश्य छात्रों और फैकल्टियों को शोध के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है। शोध परियोजनाओं में छात्रों और संकाय सदस्यों की भागीदारी बढ़ने से भविष्य में स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों के अनुरूप साक्ष्य आधारित स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मदद मिल सकेगी। (एजेंसी)