देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद व उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विभिन्न फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर उनके द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। दलितों के साथ हो रहे कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। संगठन के सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि मैदान में सक्रिय दिखाई दें और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें।
फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभाग एवं प्रकोष्ठों की बैठक के पश्चात कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों एवं सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने की आवश्यकता है। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग परेशान हैं। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।