भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया जोर

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी की ओर से संगठनात्मक गतिविधियों को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की सांगठनिक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य बैठक आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में संगठन की कार्यपद्धति, प्रकोष्ठों की भूमिका, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


निम्बूचौड़ स्थित एक बारात घर में बैठक का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश प्रकोष्ठ समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, प्रदेश सह-समन्वयक सरिता त्रिपाठी, प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक उमेश त्रिपाठी, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. सुमेर रवि, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत और जिला प्रकोष्ठ समन्वयक प्रमोद डोबरियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की अहम भूमिका है। प्रकोष्ठों से जुड़े विशेषज्ञों और प्रतिभावान कार्यकर्ताओं की क्षमताओं का उपयोग संगठन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार के विकास कार्यों के दम पर प्रदेश में एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। इसके लिए सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को अभी से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटना होगा। प्रदेश प्रकोष्ठ समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी ने संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, विभिन्न प्रकोष्ठों की उपयोगिता और उनके दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की पहुंच समाज के प्रत्येक वर्ग तक बनाने का सशक्त माध्यम हैं। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पदाधिकारियों की सांगठनिक क्षमता का विकास, दायित्वों के प्रति स्पष्टता और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना है। कार्यशाला को प्रदेश सह-समन्वयक सरिता त्रिपाठी, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत और जिला सह-समन्वयक प्रमोद बंसल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रकोष्ठ समन्वयक प्रमोद डोबरियाल ने की, जबकि संचालन सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल नवानी ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री सुरेंद्र आर्य, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक सौरव नौडियाल, भाबर मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, बबीता सिंह, जिला एनजीओ प्रकोष्ठ संयोजक कालिका प्रसाद बौंठियाल, व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक राजदीप माहेश्वरी, दिव्यांग प्रकोष्ठ संयोजक नीरज डबराल, एसएचजी प्रकोष्ठ संयोजक लक्ष्मी नेगी, लघु उद्योग प्रकोष्ठ संयोजक विभु ग्रोवर, चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. तरुण जोशी, विकास देवरानी, प्रणिता कंडवाल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *