जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटेलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) की वार्षिक खेल प्रतियोगिता आईएचएमएस ओलंपियाड का शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित अंतरसदनीय रस्सा-कस्सी मुकाबलों में छात्र-छात्राओं ने दमखम दिखाया। बालक और बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोर आजमाइश की।

बीईएल रोड स्थित बलभद्रपुर कॉलेज परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस उपाधीक्षक अस्मिता ममगाईं ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी, अनजान नंबरों से भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक और एपीके फाइल, लॉटरी व केबीसी के नाम पर धोखाधड़ी तथा ओएलएक्स पर होने वाले साइबर फ्राड के बारे में जानकारी दी। साथ ही रिश्तेदार बनकर फोन कॉल, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से की जाने वाली ठगी से सतर्क रहने की अपील की। प्रतियोगिता के तहत अंतरसदनीय रस्सा-कसी के बालक वर्ग का पहला मुकाबला प्रफुल्ल हाउस और गोपाल हाउस के बीच हुआ, जिसमें प्रफुल्ल हाउस विजयी रहा। दूसरे मुकाबले में अर्जुन हाउस ने गंभीर हाउस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, बालिका वर्ग में अर्जुन हाउस ने गोपाल हाउस को और गंभीर हाउस ने प्रफुल्ल हाउस को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। इस अवसर पर कॉलेज के कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी, प्राचार्य डॉ. अश्वनी शर्मा, प्रो. अंकित कुकरेती, डॉ. सुरेंद्र जगवान, अनुराग सेमवाल, वेद प्रकाश राठौर और नरेश थपलियाल मौजूद रहे।