राष्ट्रीय एकता दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया समाज सेवा का संकल्प

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय एकता दिवस पर पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत के विद्यार्थियों ने समाज सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एकता दौड़ लगाकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने देश के प्रथम गृहमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोनों विभूतियों के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 565 रियासतों का विलय कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, इंदिरा गांधी के कार्यकाल में वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तान की पराजय के बाद बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया। उनके कार्यकाल में ही 19 जुलाई 1969 को 14 प्रमुख निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एकता दौड़ में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षक प्रमोद कुमार रमोला, संजय कुमार, रामेंद्र भंडारी, नीरज कुमार रमोला, प्रमोद रावत, विजेता सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *