नलकूप खराब, पांच हजार की आबादी के सामने पेयजल संकट

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्रास्टनगंज क्षेत्र में नलकूप खराब होने से करीब पांच हजार की आबादी के समक्ष पेयजल संकट खड़ा हो गया है। वार्डवासियों को पानी की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने जल संस्थान से जल्द से जल्द समस्या के निराकरण की मांग की है।


ग्रास्टनगंज स्थित नलकूप से ग्रास्टनगंज, रतनपुर और कुंभीचौड़ क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गर्मी के मौसम में ही नलकूप की मोटर खराब होने की समस्या सामने आती थी, लेकिन अब सर्दियों में भी यही स्थिति बनी हुई है। उनका आरोप है कि जल संस्थान हर बार पुरानी मोटर की मरम्मत कराकर काम चला देता है। जबकि, मोटर की स्थिति को देखते हुए उसे बदलकर नई मोटर लगाई जानी चाहिए। मरम्मत के कुछ दिन बाद ही मोटर दोबारा खराब हो जाती है और लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ता है। वार्डवासियों के अनुसार, शिकायत के बाद जल संस्थान की ओर से पानी के टैंकर भेजकर आपूर्ति की जा रही है, लेकिन इससे पूरी आबादी की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। सबसे अधिक परेशानी घरों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। पानी की किल्लत के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने जल संस्थान से नलकूप की मोटर बदलकर स्थायी समाधान करने और क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *