मालिनी पुल की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों का हो तकनीकी परीक्षण

जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : मालिनी पुल के नवनिर्मित स्लैब के बीच दिखाई दे रहे गैप को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भाजपा ने मामले की विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की है। भाजपा का कहना है कि पुल की गुणवत्ता को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ऐसे में विशेषज्ञों की विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और जनता के मन में बना संशय दूर हो।


इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई 2023 को अतिवृष्टि के कारण मालन नदी पर बना पुल ढह गया था। इसके बाद करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से पुल का पुनर्निर्माण कराया गया। एक वर्ष से अधिक समय तक चले निर्माण कार्य के बाद वर्ष 2024 में पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया था। उन्होंने कहा कि पुल के दोबारा शुरू होने के बाद से ही इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में पुल के नवनिर्मित स्लैब के बीच दिखाई दे रहे गैप को लेकर विपक्ष की ओर से भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इसे सामान्य गैप बता रहे हैं, लेकिन लोगों के बीच अब भी संशय बना हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने मांग की कि विशेषज्ञों की टीम गठित कर पुल की तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज स्वयं कोटद्वार पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के साथ पुल का निरीक्षण करें, ताकि पुल की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *