जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा ब्लाक के चरेख गांव में भालू का आतंक एक महिला की जान ले गया। गाय के लिए चारापत्ती लेने जंगल गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के लिए बेस चिकित्सालय पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से गांव में शोक के साथ ही ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से दो भालू सक्रिय थे और इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे की है। चरेख निवासी अंजना देवी अन्य महिलाओं के साथ गांव से करीब 500 मीटर दूर खेतों में चारापत्ती लेने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने अंजना पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर ले जाने लगा। यह देख आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिलाओं के शोर से घबराकर भालू घायल अंजना को खेत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद महिलाओं ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण घायल अंजना को लेकर चरेख के मुख्य मार्ग तक पहुंचे। करीब एक घंटे बाद उसे राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार भालू के हमले में महिला के गले और पेट पर गंभीर चोटें आई थीं। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार और डीएफओ भी चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और क्षेत्र में भालू के आतंक से निजात दिलाने का आश्वासन दिया।
पहले भी हो चुका है हमला
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में भालू की सक्रियता लंबे समय से बनी हुई है। पिछले वर्ष भी भालू ने एक श्रमिक पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों की लगातार बढ़ती धमक के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके वन विभाग की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय भालू को जल्द पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।