ज्योतिर्मठ। गोशाला में घुसे भालू ने हमला कर एक ही परिवार के चार लोगों को घायल कर दिया। शोर मचाने पर भालू वहां से भाग गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां से दो लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
नगर में भालू की दहशत बढ़ती जा रही है। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे नगर के सिंहधार वार्ड में भालू ने एक गोशाला में घुसकर गाय को मार डाला। गाय की आवाज सुनकर पशुपाल गोशाला की तरफ आए। इसी दौरान उनका अचानक भालू से सामना हो गया और भालू ने उनपर हमला कर दिया। इसमें बिंदेश कुमार (37) का पैर, संतोषी देवी (26) का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया जबकि भावना देवी और ओमप्रकाश भी घायल हो गए। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर भालू वहां से भाग गया। सीएचसी ज्योतिर्मठ के प्रभारी डॉ. गौतम ने बताया कि बिंदेश और संतोषी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। दो को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एसडीएम से मिलीं महिलाएं, आक्रोश जताया
ज्योतिर्मठ। भालू के हमले की घटना से पूरे नगर के लोगों में दहशत है। नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह के नेतृत्व में महिलाएं व स्थानीय लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि भालू को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। इस दौरान नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की एसडीओ सुमन भी मौजूद रहीं। उन्होंने लोगों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का भरोसा दिया। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जीरवान ने बताया कि संभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा और भालू को ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया जाएगा।