पुरोला। गोविंद पशु विहार पार्क की रूपिन रेंज के मसरी, भीतरी और सट्टा क्षेत्र में भालु बागवानों के लिए मुसीबत बन गए हैं। सेब की फसल तैयार होने के बीच भालू लगातार बागों में घुसकर पेड़ उखाड़ रहे हैं और टहनियां तोड़ने के साथ फलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे बागवानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
भीतरी गांव के काश्तकार जगदीश कुंवर ने बताया कि फते पर्वत के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इन दिनों सेब की फसल तैयार है लेकिन भालुओं के झुंड बागों में घुसकर पेड़ों और फलों को बरबाद कर रहे हैं। उनका कहना है कि हर साल सेब सीजन में यही समस्या सामने आती है लेकिन अब तक बागों की सुरक्षा के लिए स्थायी घेरबाड़ नहीं हो सकी है और नुकसान का उचित मुआवजा भी नहीं मिल रहा है। जगदीश कुंवर, प्यासराम सिंह, ज्ञान सिंह चौहान और जयचंद चौहान समेत बागवानों ने बताया कि वे कई वर्षों से पार्क प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में घेरबाड़ कराने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए प्रस्ताव भी भेजे गए लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बागवानों के अनुसार, भालुओं के साथ जंगली सूअर भी गेहूं और आलू की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।