जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से आयोजित भाषीय प्रतियोगिता-2026 में एमकेवीएन पब्लिक स्कूल के दो विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। निबंध लेखन में आयुष नेगी और कविता लेखन में प्राची ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में आयुष नेगी ने ‘इतना बड़ा आकाश’ विषय पर निबंध प्रस्तुत किया, जबकि प्राची ने ‘लौट आई किताबें’ विषय पर स्वरचित कविता का लेखन किया। दोनों विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। देहरादून में आयोजित पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंगलवार को विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद्र कोठारी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की सफलताएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को सामने लाने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर एडमिन डायरेक्टर विपिन जदली और प्रधानाचार्या सुनीता नैथानी सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।