भारत बंद पर किसान सभा ने दिया ऊखीमठ तहसील में धरना
रुद्रप्रयाग। अखिल भारतीय किसान सभा संघर्ष समिति के भारत बंद के आह्वान पर शुक्रवार को ऊखीमठ में अखिल भारतीय किसान सभा एवं किसान यूनियन के लोगों ने तहसील ऊखीमठ में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी ऊखीमठ के माध्यम से ज्ञापन दिया। तहसील परिसर में धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजाराम सेमवाल एवं किसान यूनियन के प्रदेश मंत्री आनंद सिंह रावत ने कहा कि किसान विरोधी कृषि कानूनों को नरेंद्र मोदी की सरकार हर हालत में निरस्त करें। ऐसा न होने पर उन्हें देश की जनता का बड़ा विरोध झेलना पड़ेगा। साथ ही उन्हें सत्ता से बेदखल किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर तानाशाह का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगे नहीं मानी गई तो पूरे प्रदेश के अंदर किसान आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज इस आंदोलन को चार-चार माह पूरे हो गए हैं किंतु केंद्र सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रही है जिसे अब देश की जनता माफ नहीं करेगी। धरने में सीटू जिला मंत्री वीरेंद्र गोस्वामी, किसान सभा के जिला अध्यक्ष दौलत सिंह रावत, जिला कोषाध्यक्ष अषाढ़ सिंह धिरवाण, गुरिल्ला संगठन की जिला अध्यक्ष बसंती रावत, किसान यूनियन के सुरेंद्र पुष्पवाण, वरिष्ठ अधिवक्ता जगतराम सेमवाल, किसान यूनियन के प्रदेश मंत्री आनंद सिंह रावत, विजय सिंह, बसंत लाल, ज्ञान सिंह रावत, विक्रम लाल, बलवंत लाल, बलराम आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल उनियाल, आप पार्टी के प्रदीप असवाल आदि मौजूद थे।