बिग ब्रेकिंग

भारतीय सेना को मिले 325 नए सैन्य अधिकारी

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में अंतिम पग भरते ही 325 नौजवान भारतीय सेना का हिस्सा बन गए। इसके साथ ही 70 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए। उप सेना प्रमुख ले. जनरल एसके सैनी ने परेड की सलामी ली। सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर मार्कर्स कॉल के साथ परेड का आगाज हुआ। कंपनी सार्जेट मेजर अभिनव कुटलेरिया, सोनू शर्मा, नागवेंद्र सिंह रंधावा, अक्षत कौशल, नदीम अहमद वानी व रोहित शर्मा ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी-अपनी जगह ली। 8 बजकर 50 मिनट पर एडवांस कॉल के साथ ही छाती ताने देश के भावी कर्णधार असीम हिम्मत और हौसले के साथ कदम बढ़ाते परेड के लिए पहुंचे। इसके बाद परेड कमांडर माजी गिरिधर ने ड्रिल स्क्वायर पर जगह ली। कैडेट्स के शानदार मार्चपास्ट से दर्शक दीर्घा में बैठा हर एक शख्स मंत्रमुग्ध हो गया। उप सेना प्रमुख ने कैडेटों को ओवरऑल बेस्ट परफॉर्मेंस व अन्य उत्कृष्ट सम्मान से नवाजा।वतनदीप सिद्धू को स्वार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। माजी गिरिधर को स्वर्ण,निदेश सिंह यादव को रजत व शिखर थापा को कांस्य पदक मिला। जसमिंदर पाल सिंह सिद्धू ने सिल्वर मेडल (टीजी) हासिल किया। तंदिन दोरजी सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट चुने गए। चीफ ऑफ आर्मी स्टॉफ बैनर कैसिनो कंपनी को मिला। इस दौरान आईएमए कमान्डेंट ले जनरल हरिंदर सिंह,डिप्टी कमान्डेंट मेजर जनरल जगजीत सिंह मंगत समेत कई सैन्य अधिकारी मौजूद थे। कोरोना संकट के चलते पासिंग आउट परेड में तमाम स्तर पर एहतियात बरती गई। न केवल दर्शक दीर्घा बल्कि परेड के दौरान भी शारीरिक दूरी के नियमों का पूरा पालन किया गया। हरेक मार्चिंग दस्ते में अमूमन दस कैडेट एक लाइन में होते हैं। पर इनकी संख्या आठ रखी गई। ताकि कैडेटों के बीच रहने वाली 0.5 मीटर की दूरी के बजाए दो मीटर की दूरी बनी रहे। इसके अलावा जेंटलमैन कैडेटों के साथ ही सभी सैन्य अधिकारी भी मास्क पहने रहे।

पंजाब के वतनदीप को मिला स्वॉर्ड ऑफ ऑनर
देहरादून। पासिंग आउट परेड में पंजाब के वतनदीप सिद्धू को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर मिला है। आंध्र प्रदेश के मज्जी गिरधर को स्वर्ण पदक मिला है। हरियाणा के निदेश यादव को रजत और उत्तर प्रदेश के शिखर थापा को कांस्य पदक मिला है। टेक्टिनकल ग्रेजुएट कोर्स में पंजाब के जसमिंदर पाल सिंह सिद्धू को रजत पदक मिला है। विदेशी कैडेट में तंदिन दोरजी को रजत पदक मिला है। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर कैसीनो कंपनी को दिया गया। अफसर बनने के बाद युवा सैन्य अधिकारियों ने अपने जोश को पुशअप दिया और साथियों के साथ जश्न मनाया। अकादमी से पास होने वाले सैन्य अफसर अपने साथी को गले लगा रहे थे। तो कोई अपने माता-पिता से खुशी का इजहार कर रहा था।

यूपी से सबसे ज्यादा 50 जेंटलमैन कैडेट्स हुए पासआउट
देहरादून। भारतीय जेंटलमैन कैडेट्स की बात करें तो राज्यों के लिहाज से सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से 50 जेंटलमैन कैडेट्स पासआउट हुए। उत्तराखंड से 24 जेंटलमैन कैडेट्स सेना में अफसर बने। इसी तरह पश्चिम बंगाल से छह, तेलंगाना से तीन, तमिलनाडु से छह, राजस्थान से 18, पंजाब से 15, उड़ीसा से 4, मिजोरम से दो, मणिपुर से तीन, महाराष्ट्र से 18, मध्य प्रदेश से 12, भारतीय मूल निवास प्रमाण पत्र वाले नेपाल निवासी चार जेंटलमैन पीओपी में शामिल हुए। वहीं, केरल से 15, कर्नाटक से 5, झारखंड से 6, जम्मू कश्मीर से 11, हिमाचल प्रदेश से 10, हरियाणा से 45, गुजरात से 4, दिल्ली से 13, छत्तीसगढ़ से दो, चंडीगढ़ से 4, बिहार से 32, असम से 6, अरुणाचल प्रदेश से एक और आंध्र प्रदेश से 6 जेंटलमैन कैडेट्स इस बार पासिंग आउट परेड में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!