अगस्त्यमुनि। परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए दिए गए 10 दिन के आश्वासन के बाद भी मांग पूरी न होने पर एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई छात्रों के परिणाम ठीक नहीं किए गए हैं। मांग पूरी करने की मांग के लिए तीन छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।
भूख हड़ताल पर बैठे एबीवीपी के लक्की राणा, लोकेश बिष्ट व एनएसयूआई के उज्जवल मैठाणी ने कहा कि परीक्षा परिणामों में लंबे समय से चली आ रही गड़बड़ियों के कारण छात्र मानसिक परेशानी झेल रहे हैं। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आलोक जग्गी और उज्जवल मैठाणी ने कहा कि विवि को परिणाम सुधारने में इतना लंबा समय लग रहा है जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने जल्द सभी लंबित परिणामों में सुधार की मांग की। वहीं एबीवीपी के लक्की राणा ने परीक्षा परिणामों के साथ महाविद्यालय की लाइब्रेरी में पुस्तकों की कमी दूर करने और शिक्षकों के पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग भी उठाई। इससे पहले पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रियांशु मोहन भी इन्हीं मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। इस दौरान एनएसयूआई के आर्यन डोभाल, सुनील मेहरा, अखिलेश बमोला, सक्षम नेगी तथा एबीवीपी के कृष रावत, रोहित नेगी और प्रियांशु अग्निहोत्री समेत कई कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को समर्थन दिया। प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र दुद्पुरी ने बताया कि विवि की ओर से कई छात्रों के परिणामों में सुधार किया जा चुका है जबकि अन्य छात्रों के परिणामों में सुधार की प्रक्रिया जारी है।