भोपाल , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (ष्टक्चढ्ढ) ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश कर सकती है।
सुबह सीबीआई की टीम भोपाल के कटारा हिल्स स्थित गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक टीम नोटिस देने पहुंची थी, लेकिन हाईकोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई।
हाईकोर्ट ने देर रात रद्द की जमानत
दरअसल, ट्विशा शर्मा मौत मामले में गिरिबाला सिंह को 15 मई को अग्रिम जमानत मिली थी। इस फैसले के खिलाफ ट्विशा के परिजनों ने जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बेल रद्द करने की मांग की थी।
बुधवार देर रात करीब 1 बजे हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत खारिज कर दी। कोर्ट के फैसले के बाद से ही उनकी गिरफ्तारी तय मानी जा रही थी। इसके तुरंत बाद सीबीआई की टीम उनके घर पहुंची और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
सीबीआई ने रीक्रिएट किया घटनास्थल
इससे पहले बुधवार शाम सीबीआई अधिकारियों ने ट्विशा शर्मा केस में घटनास्थल का सीन रीक्रिएट किया। जांच टीम उस छत पर पहुंची जहां ट्विशा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। जांच के दौरान ट्विशा के पति समर्थ और सास गिरिबाला सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ भी की गई। समर्थ पहले से पुलिस रिमांड पर है और सीबीआई दोनों से संयुक्त पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
मामले पर सबकी नजर
ट्विशा शर्मा की मौत का मामला पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिवार ने इसे संदिग्ध मौत बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। अब गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना बढ़ गई है।