जय शाह की मीटिंग में बड़ा उलटफेर, बदल गया चैंपियंस ट्रॉफी का शेड्यूल, भारत-पाक मैच को लेकर आईसीसी का बड़ा फैसला

Spread the love

अहमदाबाद , अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जहां एक तरफ क्रिकेट प्रेमी आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के रोमांच में डूबे हुए थे, वहीं दूसरी तरफ जय शाह की अध्यक्षता में आईसीसी बोर्ड की एक बेहद महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल मीटिंग चल रही थी। इस मीटिंग में विश्व क्रिकेट, खासकर महिला क्रिकेट को लेकर कई दूरगामी और बड़े फैसले लिए गए हैं। आईसीसी बोर्ड ने अगले साल आयोजित होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी के शेड्यूल को पूरी तरह बदल दिया है, जिससे क्रिकेट शेड्यूल में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा।
जून-जुलाई की जगह अब फरवरी में मचेगा धमाल
आईसीसी ने पिछले साल ही यह घोषणा की थी कि पुरुषों की तर्ज पर अब महिला क्रिकेट में भी 8 टीमों वाली चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत की जाएगी। पहले इस टूर्नामेंट के लिए जून-जुलाई 2027 की विंडो निर्धारित की गई थी। लेकिन अहमदाबाद में हुई इस ताजा बैठक में इस शेड्यूल को बदलते हुए टूर्नामेंट को साल की शुरुआत में शिफ्ट कर दिया गया है। अब यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच खेला जाएगा। आपको बता दें कि पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी (जो वनडे फॉर्मेट में होती है) से अलग, महिलाओं का यह टूर्नामेंट फटाफट क्रिकेट यानी टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
पाकिस्तान में नहीं खेलेगी भारतीय टीम
आईसीसी बोर्ड की इस मीटिंग में सबसे बड़ा और कड़ा फैसला महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 को लेकर लिया गया है। दो साल बाद होने वाले इस मेगा इवेंट की मेजबानी पाकिस्तान को सौंपी गई है। लेकिन दोनों देशों के बीच चल रही राजनीतिक तनातनी और सुरक्षा कारणों को देखते हुए आईसीसी ने साफ कर दिया है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने मैच खेलने पाकिस्तान नहीं जाएगी। टीम इंडिया के सभी मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू (जैसे यूएई या श्रीलंका) पर आयोजित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले मेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान का दौरा करने से साफ मना कर दिया था। वहीं, पिछले साल महिला वनडे वर्ल्ड कप और इस साल हुए मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी टीम को भारत आना पड़ा था। इसी सिलसिले को बरकरार रखते हुए आईसीसी ने भारत के कड़े रुख के आगे झुकते हुए न्यूट्रल वेन्यू के विकल्प पर मुहर लगा दी है।
इसी साल लॉन्च होगा नया टूर्नामेंट ‘विमेंस एमर्जिंग नेशंस ट्रॉफीÓ
महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए आईसीसी इसी साल (2026) एक बिल्कुल नया और अनोखा टूर्नामेंट लॉन्च करने जा रही है। इस नए टूर्नामेंट का नाम ‘विमेंस एमर्जिंग नेशंस ट्रॉफीÓ रखा गया है, जो टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। आईसीसी ने इसके ढांचे को लेकर बड़ा फैसला करते हुए तय किया है कि इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। खेल को रोमांचक बनाने के लिए इसमें 5 फुल मेंबर (पूर्ण सदस्य) देशों की टीमें होंगी, जबकि बाकी 5 टीमें एसोसिएट मेंबर (सहयोगी सदस्य) देशों की शामिल की जाएंगी, जिससे उभरती हुई महिला खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *