बिग ब्रेकिंग

उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि: जेपी नड्डा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री ने सवाड़ गांव से शुरू की शहीद सम्मान यात्रा
-नड्डा बोले, कांग्रेस कमीशन वाली पार्टी, जबकि भाजपा करती है मिशन के साथ कार्य
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून। देश की हिफाजत करते प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों के सम्मान में सोमवार को सवाड़ गांव से शहीद सम्मान यात्रा शुरू हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने संयुक्त रूप से यात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तराखंड के वीरों को नमन किया और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। कहा कि कांग्रेस की सत्ता में देश-प्रदेश को भारी नुकसान हुआ है। कांग्रेस आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी पार्टी है। कांग्रेस का एक ही मंत्र है कि नो वर्क विदाउट कमीशन, जबकि भाजपा एक मिशन के तहत कार्य करती है। इसलिए देश में मिशन वालों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए और कमीशन वालों को हमेशा के लिए भगा दिया जाना चाहिए। इस मौके पर स्थानीय ब्लाक प्रमुख दर्शन दानू ने नड्डा को सोने का मुकुट पहनाया, जबकि सीएम पुष्कर सिंह धामी को चांदी का मुकुट पहनाया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मुझे ईगास पर्व के उपलक्ष्य पर सवाड़ में सैनिक सम्मान यात्रा की शुरुआत करने का सौभाग्य मिला है। इस भूमि के वीर जवानों ने विभिन्न संग्रामों में अपने आप को समर्पित किया। उन शहीदों को नमन जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया। इस धरती ने उत्तराखंड एवं देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया में अपना नाम स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि एवं वीरभूमि है। आज एक लाख 15 हजार उत्तराखंड के जवान देश सेवा में लगे हैं। 5 लाख सैनिक परिवार उत्तराखंड में हैं। इस भूमि से एक परमवीर चक्र, 6 अशोक चक्र,13 महावीर चक्र प्राप्तकर्ता उत्तराखंड की भूमि से हैं। केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज हमारे प्रदेश से हर दूसरे परिवार का सदस्य देश सेवा के लिए सेना में भर्ती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति की ओर अग्रसर है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सवाड़ गांव में शहीद स्माकर पर माल्यापर्ण एवं श्रद्वांजलि अर्पित करते हुए शहीदों के बलिदान को नमन किया और शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा। शहीद सम्मान कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मनित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे सवाड़ की वीरों की इस धरती को नमन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। प्रथम विश्वयुद्ध हो, द्वितीय विश्व युद्ध हो, पेशावर कांड हो, देश की आजादी की लड़ाई हो या आजादी के बाद के युद्ध हों। इस धरती के वीरों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर अपना कौशल दिखाया है और अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। आज भी इस घाटी के नौजवानों से पूछा जाए कि आप जीवन में क्या करना चाहते हो तो उनका जवाब सेना में जाकर भारत माता की सेवा करना होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वीरों की वीरता ही है जो ये सुनिश्चित करती है कि कोई भी राष्ट्र शान्तिपूर्वक अपनी उन्नति के मार्ग में अग्रसर हो। ये हमारे देश के लिए गौरव की बात है कि हमारे देश के वीर सैनिकों ने आजादी के बाद हुये हर संघर्ष में अप्रतिम शौर्य का परिचय दिया। चाहे वो 1962 का भारत-चीन युद्ध हो, चाहे 1965 व 1971 का पाकिस्तान के साथ युद्ध हो, चाहे विपरीत परिस्थितियों में कारगिल की चोटियों में लड़ा गया युद्ध हो या 2016 और 2019 में सर्जिकल स्ट्राइक द्वारा पाकिस्तानी सैनिकों और आतंकवादियों का खात्मा करना हो। हर जगह सेना के वीर जवानों ने ये दिखा दिया कि भारत पर आक्रमण करना तो बहुत दूर की बात है, कोई आंख भी उठायेगा तो भारतीय सेना उसको नेस्तोनाबूत कर देगी। उन्होंने कहा कि सभी 13 जनपदों के शहीद सैनिकों के घर-आंगन की मिट्टी लाकर उसे सैन्य धाम के निर्माण में शामिल कर उनके बलिदान से आगामी पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करने का कार्य करेंगे।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वीर शहीदों के सम्मान में राज्य सरकार देहरादून में भव्य सैन्य धाम बनाने जा रही है। इस सैन्य धाम का शिलान्यास के लिए प्रत्येक शहीद के घर-आंगन से पवित्र मिट्टी को कलश में एकत्र कर सम्मान के साथ देहरादून लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में ब्लाक वाइज शहीद सैन्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। राज्य के सभी 13 जिलों मे यह यात्रा चलेगा। इस दौरान सभी शहीदों के परिवारों को जनपद एवं ब्लाक स्तर पर ताम्रपत्र भेंट कर सार्वजनिक समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक महेन्द्र भट्ट, विधायक मुन्नी देवी शाह, जिला अध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना, सीडीओ वरूण चौधरी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!