बिग ब्रेकिंग

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने किया सपरिवार जागेश्वर धाम में पूजा-अनुष्ठान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जागेश्वर धाम में आकर नई ऊर्जा का संचार हुआ: नड्डा
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि जागेश्वर धाम जैसे पवित्र स्थल में आकर नई ऊर्जा और नई ताकत मिलती है। यहां आकर मन बहुत आनंदित हुआ है। पत्रकारों से बातचीत में नड्डा ने राजनीतिक सवालों को धार्मिक स्थल में होने की बात कहकर टाल दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें आज इस पूज्य स्थान पर आने और रुद्राभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। कहा उन्होंने यहां समूचे देश और देशवासियों के लिए मंगलकामना की है। सभी प्रगति करें और देश की प्रगति हो। मंदिर परिसर पहुंचने पर उन्होंने पहले भगवान बागनाथ के दर्शन किए। बाद में पत्नी मल्लिका नड्डा और अन्य परिजनों के साथ महामृत्युंजय मंदिर में रुद्राभिषेक किया। अनुष्ठान के अंतिम चरण में यहां बनी यज्ञशाला में हवन कर आहूति दी। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई। यहां पहुंचने पर मुख्य रूप से लक्ष्मी दत्त भट्ट ने नड्डा परिवार को पूजा अनुष्ठान कराया। इसमें आनंद भट्ट, भगवान भट्ट, शेखर भट्ट, शुभम भट्ट और तारा भट्ट आदि ने सहयोग किया। इस मौके पर मंदिर प्रबंधक भगवान भट्ट समेत मंदिर प्रबंधन समिति के अन्य लोग मौजूद रहे।
पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के गुरुवार को जागेश्वर धाम पहुंचने पर कुमाउनी पारंपरिक परिधान पहनीं महिलाओं ने तिलक लगाकर नड्डा और उनके परिवार का स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा नेता भी मौजूद रहे। नड्डा के स्वागत के लिए ढोल दमाऊ की भी व्यवस्था की गई थी। जानकारी के अनुसार, कोरोनाकाल में नड्डा ने महामृत्युंजय मंत्र का जाप कराया था। इसके उद्यापन के लिए वह यहां पहुंचे थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की धार्मिक यात्रा को देखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता भी यहां पहुंचे थे। इनमें अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के सांसद अजय टम्टा, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, द्वाराहाट विधायक महेश नेगी, जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में भाजपा के उम्मीदवार रहे सुभाष पांडे, डीसीबी अध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व दर्जा मंत्री गोविंद पिलख्वाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह मेहरा, गौरव पांडे, किरण पंत, विनीत बिष्ट आदि शामिल रहे। इधर, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भी कुछ देर बाद यहां पहुंचीं और उन्होंने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का अभिवादन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!